Homeप्रदेशराजनैतिक व्यंग्य-समागम, नहीं रहे महान अकबर और टीपू सुल्तान! : राजेंद्र शर्मा

राजनैतिक व्यंग्य-समागम, नहीं रहे महान अकबर और टीपू सुल्तान! : राजेंद्र शर्मा

1. नहीं रहे महान अकबर और टीपू सुल्तान! : राजेंद्र शर्मा

राजनैतिक व्यंग्य-समागम

1. नहीं रहे महान अकबर और टीपू सुल्तान! : राजेंद्र शर्मा

चलिए, अब ऑफिशियल हो गया। आरएसएस के प्रचार सचिव, आंबेकर साहब ने खुद अपने श्रीमुख से इसका एलान किया है कि अकबर और टीपू सुल्तान अब ‘‘महान’’ नहीं रहे। आजादी के सैकड़ों साल पहले से ये दोनों महान कहलाते आ रहे थे। आजादी के बाद भी पचहत्तर साल तक ये दोनों ही नहीं, वास्तव में और भी बहुत से मुसलमान महान कहलाते रहे थे। पर अब और नहीं। अमृत काल में नहीं। मोदी जी के विकसित होते भारत में नहीं। मोदी जी की भारतीय बना दी गयी राष्ट्रीय शिक्षा नीति के लागू होने के बाद नहीं। न अकबर, न टीपू सुल्तान और न कोई और मुसलमान, कोई महान-वहान नहीं कहलाएगा।

स्कूली किताबों से उनकी महानता को मिटाने की शुरुआत हो गयी है। वह दिन दूर नहीं है, जब पक्के तौर पर सैकड़ों साल पीछे का इतिहास बदल जाएगा। आखिरकार, मोदी जी ने अपने रामनाथ गोयनका व्याख्यान में गुलामी की निशानियों को मिटाने का दस साल का ही तो टार्गेट रखा है। यानी मोदीजी की पांचवीं पारी तक अकबर, टीपू, सब गायब नहीं भी हुए तो, पैदल जरूर हो जाएंगे।

वैसे और भी बहुत हैं, जो खामखां में महान बने हुए हैं। काम करके ओह, सॉरी उनके हिसाब से फ्रॉड कर के महान बनने वालों में सिर्फ मुसलमान ही थोड़े ही हैं। अकबर से सैकड़ों साल पहले से जो अशोक महान बन बैठा था, उसका क्या? और उससे भी पहले से जो गौतम बुद्ध महान बने बैठे थे, उनका भी क्या? जाहिर है कि अमृत काल में इतिहास की बहुत-बहुत दूर तक और गहरी सफाई की जरूरत है। आजादी के बाद के इतिहास की तो और भी गहरी सफाई की। नेहरू, गांधी, आजाद वगैरह से लेकर अम्बेडकर तक, न जाने कौन-कौन महान बने बैठे हैं।

अंग्रेजों की विदाई की हड़बड़ी में न जाने कैसे-कैसे लोग महान कहलाने लगे थे। मोदी जी का विकसित होता भारत, कब तक इन फ्रॉडियों की महानता का बोझ ढोएगा। अब और ज्यादा दिन नहीं। नागपुर परिवार और उसकी व्हाट्सएप यूनिवर्सिटी की शाखाएं तो पहले ही इस काम में जुटी हैं। धीरे-धीरे सब का नंबर आएगा, पर सब का नंबर एक साथ नहीं आएगा। फिलहाल मुसलमान यानी अकबर और टीपू सुल्तान!

अब प्लीज यह मत पूछिएगा कि अकबर और टीपू सुल्तान ही क्यों? सिंपल है, इन्हें ही महान कहलाने का शौक चर्राया था। शहंशाह, सुल्तान और भी तो हुए थे, पर अपने टैम में महान कहलाए होंगे, तो कहलाए होंगे, पर बाद में तो किसी ने महानता की ऐसी लंबी दावेदारी नहीं की। यही बाद तक महानता के सिंहासन पर बैठे रहे थे, सो मोदी जी को दासता के चिह्न मिटाने के लिए, सबसे पहले इन्हीं को अपदस्थ करना था। अब अगर अकबर ने उस जमाने में सर्वधर्म समभाव का राज कायम कर के दिखाया था, उसने न हिंदू न मुसलमान, दीन-ए-इलाही नाम का नया मेल-मिलाप वाला धर्म चलाया था, तो मोदी जी क्या करें? ऐसे ही अगर टीपू सुल्तान ने अंग्रेजों को युद्ध के मैदान में हराया था और अंत में वह ऐसा पहला शासक बना था, जो ब्रिटिश सामराजी सेनाओं के खिलाफ लड़ते हुए युद्ध के मैदान में मारा गया था, तो मोदी जी इसका भी क्या करें? इससे मोदी जी की मुश्किल जरूर बढ़ती है, सर्वधर्म समभाव और ब्रिटिश-विरोधी देशभक्ति की पुकारें बीच में आती हैं ; लेकिन मोदी जी ऐसी मुश्किलों से डरने वाले नहीं हैं। अकबर और टीपू सुल्तान को महानता की गद्दी खाली करनी ही पड़ेगी।

थैंक यू मोदी जी, आंबेकर साहब ने बताया है कि आप अकबर, टीपू सुल्तान वगैरह को सिर्फ महानता की गद्दी से उतार रहे हैं, पूरी तरह से मिटा नहीं रहे हैं। सिर्फ महानता मिटा रहे हैं, उनके नाम नहीं। उन्हें सिर्फ नायक से खलनायक बना रहे हैं, फिल्म से पूरी तरह काट नहीं रहे हैं। थैंक यू इस रहमदिली के लिए। पर हां! शुरुआत स्कूली किताबों में नायक से खलनायक बनाए जाने से हो जरूर रही है, लेकिन बात वहीं तक नहीं रहेगी। बात निकलेगी, तो दूर तक जाएगी। अकबर, टीपू टाइप की महानता से इंकार करने से ही काम नहीं चलेगा। उन्हें बाकायदा राक्षस बताना/ दिखाना पड़ेगा। इसे राष्ट्रवादी होने का सबूत बनाया जाएगा। देशभक्ति की परीक्षा में जै श्रीराम के साथ-साथ, अकबर और टीपू सुल्तान के मुर्दाबाद के नारे लगवाए जाएंगे। जो जितना जोर से मुर्दाबाद का नारा लगाएगा, उतना ही पक्का देशभक्त माना जाएगा। मरी-सी आवाज में जो मुर्दाबाद का नारा लगाएगा, वह बहुरूपिया फौरन पकड़ा जाएगा।

जरूरत पड़ी तो मोदी जी की सरकार अपनी तीसरी पारी में ऐसे देशद्रोही बहुरूपियों के खिलाफ विशेष कानून बनाने में भी नहीं हिचकेगी। वैसे राजद्रोह का कानून तो पहले ही है और उसका काम भी मजबूत है यानी एक बार अंदर किया, तो बंदा पांच-छह साल तो जमानत का ही इंतजार करता रह जाता है। फिर अब तो सरकार के सबसे बड़े वकील ने सुप्रीम कोर्ट को बता ही दिया है कि अमृत काल में आतंकवादियों से भी बड़ा खतरा, बुद्धिजीवियों से है यानी अपनी बुद्धि का इस्तेमाल करने वालों से। यानी सरकार तो इस विचार की है कि – ए गोली मार भेजे में, कि भेजा शोर करता है! याद है, सत्या फिल्म के गाने में पिछली सदी के आखिर में ही भेजे के खतरनाक होने के बारे में आगाह कर दिया गया था। फिर भी देश को मोदी जी सरकार आने तक का इंतजार करना पड़ा। पिछली सरकारें अटकती, भटकती, उलझती और झिझकती जो रहीं। पर अब भेजे के खतरे से निपटने के लिए तेज रफ्तार से कदम उठाए जा रहे हैं। चुन-चुनकर पढ़े-लिखे निपटाए जा रहे हैं और जो ज्यादा ही किट-किट करें, जेलों के लिए पठाए जा रहे हैं।

और हां! महानों से महानता छीनने की इस मुहिम में हिंदू-मुसलमान खोजने की कोशिश कोई नहीं करे। मोदी जी इस मामले में एकदम सेकुलर हैं। महानता के आसन से सभी को हटाएंगे, हिंदू-मुसलमान सभी को। अकबर, टीपू सुल्तान को, तो गौतम बुद्ध, अशोक को भी, नेहरू, गांधी को भी और पेरियार, अम्बेडकर को भी। यह तो शुरुआत है। धीरे-धीरे सब का नंबर आएगा। महानता का आसन मोदी जी को एकदम खाली चाहिए – अपने लिए!

(लेखक वरिष्ठ पत्रकार और ‘लोक लहर’ के संपादक हैं।)


2. बेशर्मी, अब तेरा ही आसरा! : विष्णु नागर

मोदी जी, बधाई। लोकसभा चुनाव में तो आप अपने दम पर बहुमत हासिल नहीं कर पाए, मगर चुनाव के डेढ़ साल बाद राहुल गांधी को जलील करने के लिए आपने भूतपूर्व राजदूतों, नौकरशाहों, न्यायाधीशों का जो जमावड़ा किया, उसमें आपने स्पष्ट बहुमत हासिल कर लिया है! न‌ इससे एक कम, न इससे एक ज्यादा। पूरे 272! यह आपकी छोटी उपलब्धि नहीं है, मगर आपको अफसोस तो होगा कि अपने सबसे बड़े विरोधी के खिलाफ लिखवाये गये खुले पत्र में भी आप 272 दस्तखत ही जुटा पाए! अरे आप जैसे प्रतापी तो हजार से भी अधिक अफसरों आदि को राहुल के खिलाफ खड़ा कर सकते थे, मगर 272 पर अटक गए! यह आपकी नाकामी है साहेब। आप चाहते तो इस समय सेवारत अधिकारियों आदि से भी इस पत्र पर दस्तखत करवा सकते थे! आप सम्राट हो, नियम-कायदे आप पर लागू नहीं होते!

लोग तो मोदी जी, इन 272 भूतपूर्वों को बुद्धिजीवी नहीं, चाटुकार कह रहे हैं! सोशल मीडिया पर इनके ढोल की पोल खोल रहे हैं। लोग कह रहे हैं कि इन्हें बुद्धिजीवी कहना बुद्धि का अपमान है! चलिए फिर भी मैं इन्हें बुद्धिजीवी मान लेता हूं फिलहाल। बुद्धि से तो माननीय सब कुछ किया जा सकता है। लाजवाब झूठ बोले जा सकते हैं। सीधे को उल्टा और उल्टे को सीधा बताया जा सकता है। कुत्ते को शेर और शेर को कुत्ता सिद्ध किया जा सकता है। नाली के गंदे पानी को गंगाजल बताया जा सकता है! हिटलर को साधु और गांधी जी को शैतान साबित किया जा सकता है। गोडसे को शहीद और नेहरू को अय्याश सिद्ध किया जा सकता है। बुद्धि ऐसी शै है कि आजादी के आंदोलन के खिलाफ अंग्रेज़ों का साथ देने वालों को सबसे बड़ा देशभक्त भी बताया जा सकता है, माननीय मोदी जी, आपको यह ज्ञात होगा। 2002 के नरसंहारक को हिंदू धर्म का रक्षक, देश का उद्धारक बताया जा सकता है,यह भी आपकी जानकारी में होगा ही!

यह आपके इन 272 के बुद्धिजीवी होने का ही प्रमाण है कि इन्हें राहुल गांधी के सवाल तो सवाल नहीं, षड़यंत्र का हिस्सा लग रहे हैं, मगर चुनाव आयोग इन्हें लोकतंत्र का मंदिर नज़र आ रहा है। इनकी आत्मा पिछले ग्यारह साल में देश में हुए बड़े-से-बड़े अत्याचारों पर नहीं जागी, हिंदू-मुस्लिम किए जाने पर नहीं जागी, बुलडोजर से गरीबों-मजलूमों-मुसलमानों के घर-दुकान उजाड़े जाने पर नहीं जागी, लोकतंत्र का बार-बार मज़ाक़ उड़ाए जाने पर नहीं जागी, मगर राहुल गांधी ने चुनाव आयोग पर सवाल उठा दिए, तो फौरन उठ कर बैठ गई! बिहार में मतदान से एक दिन पहले तक महिलाओं को दस-दस हजार रुपए दिये गये, यह न चुनाव आयोग को नजर आया और न इन 272 को!

पांच साल से अधिक समय से उमर खालिद और बाकी बेगुनाह दिल्ली दंगे के आरोप में जेल में बंद हैं, उनकी पूरी जवानी अदालत के सीखचों में बीती जा रही है, उन्हें आतंकवादियों से भी अधिक खतरनाक बताया जा रहा है, मगर इनके जमीर ने एक बार भी जागने की तकलीफ़ नहीं की। इनकी आत्मा को ऊपर से संकेत मिलता है कि अब जाग,भोर भई। जागने में अब फायदा है। सम्राट की कृपादृष्टि हो सकती है! इनाम-इकराम मिल सकते हैं, पुराने पाप मिट सकते हैं, तो आत्मा जाग गई, लोकतंत्र याद आ गया, चुनाव आयोग की प्रतिष्ठा का स्मरण हो आया!

महोदयों, क्षमा करना आप में इतने साहस का उदय रिटायरमेंट के बाद ही क्यों हो जाता है! आपके साहस के कारनामे हमें आपके सरकार में रहते, तो कभी दिखाई-सुनाई नहीं पड़े! अचानक यह परिवर्तन कैसे और कहां से हो जाता है? लोकतंत्र के लिए आपके मन में दर्द कैसे जाग गया? जब आप पदों पर‌ थे, तो संवैधानिक संस्थाओं की चिंता आपको नहीं हुई, आप अपने आका का हुक्म बड़ी खूबसूरती से बजाते रहे, मगर आज आपको लग रहा है कि राहुल गांधी चुनाव आयोग जैसी संस्था को बड़ी भद्दी भाषा में बदनाम कर रहे हैं! आप ‘बुद्धिजीवी’ हैं, इसलिए आपको यह नजर नहीं आया होगा कि इस आयोग को राहुल गांधी या अन्य विपक्षी नेताओं ने बदनाम नहीं किया है, यह खुद अपने को बदनाम करवाने पर आमादा है! आप ‘बुद्धिजीवी’ हैं, इसलिए आपको यह नहीं दिखा कि सरकार ने सुप्रीम कोर्ट की अवहेलना करते हुए चुनाव आयोग के सदस्यों की चयन समिति से सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश को क्यों हटाया और क्यों उनकी जगह अपने गृहमंत्री को लाया गया है? ‘बुद्धिजीवी’ होने के नाते ही आपको यह भी नहीं दिखा कि चुनाव आयोग के सदस्यों को पद पर रहने के दौरान और सेवानिवृत्ति के बाद भी संवैधानिक सुरक्षा क्यों दी गई है, जो कि आज तक राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री को भी हासिल नहीं है! इसलिए न कि वे जो चाहें, गड़बड़ी सरकार के हक में और लोकतंत्र को कुचलने के लिए करें, मगर उनका बाल भी बांका नहीं किया जा सकता! आप ‘बुद्धिजीवी’ हैं, इसलिए आपको यह कैसे दिखाई दे सकता है कि एसआईआर में कितने स्तर पर गड़बड़ियां की गईं और किस तरह सुप्रीम कोर्ट के मजबूर करने के बाद ही आयोग ने आधारकार्ड को वैध दस्तावेज के रूप में माना है, वरना बिहार के गरीब-गुरबा वोट तक नहीं दे पाता!

खैर छोड़िए इन बातों को। इन सबसे आपका क्या संबंध? आप तो सुख और आनंद की दुनिया में मजे से लोटपोट होते रहिए। देश में लोकतंत्र रहे न रहे, इससे आपको क्या फर्क पड़ता है? आपकी मोटी पेंशन सुरक्षित है, आपके फ्लैट, बंगले और फार्म हाउस सुरक्षित हैं, आपके लंच-डिनर बड़ी क्लबों और होटलों में आरक्षित हैं। आपकी विदेश यात्राएं निर्बाधित हैं। दुनिया इधर से उधर हो जाए, तो भी आपकी सेहत पर अंतर नहीं पड़ता।आपको फर्क पड़ता है डायबिटीज होने से, हार्ट अटैक आने से, कैंसर होने से, गैस बनने से और आपकी सहूलियतों में कमी आने से! लोकतंत्र, चुनाव, एसआईआर ये सब गरीबों-कमजोरों-दलितों के विषय हैं।जिनके घर में चूल्हा नहीं जलता, जिनके बेटे -बेटियां बेरोजगार हैं, ये उनके विषय हैं। आपको कोई समस्या अगर कभी हुई भी, तो यूरोप-अमेरिका जाकर बस जाएंगे और किसी दिन वहां गुमनाम मर जाएंगे। फिर भी मुन्ना भाई आप लगे रहिए।

बुद्धिजीवी होने का तमगा सीने पर लटकाये रहिए। रिटायर हो चुके हैं, मगर सरकार के हुक्म की तामील करते रहिए। शर्मिंदा मत होइए! शर्मिंदगी का युग बीत चुका, बेशर्मी अब तेरा ही आसरा है।

(कई पुरस्कारों से सम्मानित विष्णु नागर साहित्यकार और स्वतंत्र पत्रकार हैं। जनवादी लेखक संघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हैं।)

RELATED ARTICLES
Jharkhand
clear sky
12.8 ° C
12.8 °
12.8 °
58 %
1.3kmh
0 %
Sat
12 °
Sun
26 °
Mon
27 °
Tue
27 °
Wed
27 °

Most Popular