ग्रेटर नोएडा वेस्ट की मूलभूत सुविधाओं को लेकर डॉ. शशि यादव ने जिलाधिकारी गौतम बुद्ध नगर को सौंपा ज्ञापन
गंगा जलापूर्ति, मेट्रो विस्तार, रेलवे कनेक्टिविटी, बस सेवा और जर्जर सड़कों के सुधार की उठाई मांग, लाखों नागरिकों की समस्याओं के समाधान की अपील
ग्रेटर नोएडा गौतम बुद्ध नगर।
समाजवादी पार्टी की जिला अध्यक्ष गौतम बुद्ध नगर एवं अखिल भारतीय यदुवंशी महासभा उत्तर प्रदेश की प्रदेश अध्यक्ष डॉ. शशि यादव ने आज जिलाधिकारी गौतम बुद्ध नगर महोदया को ग्रेटर नोएडा वेस्ट की प्रमुख जनसमस्याओं के संबंध में एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में ग्रेटर नोएडा वेस्ट, गौर सिटी-2 सहित पूरे क्षेत्र में तेजी से बढ़ती आबादी के बावजूद मूलभूत सुविधाओं की कमी पर चिंता व्यक्त की गई। डॉ. शशि यादव ने गंगा जलापूर्ति को शीघ्र शुरू करने, मेट्रो परियोजना का विस्तार, रेलवे कनेक्टिविटी को मजबूत करने, सार्वजनिक बस सेवाओं में वृद्धि तथा जर्जर एवं क्षतिग्रस्त सड़कों के तत्काल निर्माण एवं मरम्मत की मांग की।
डॉ. शशि यादव ने कहा कि ग्रेटर नोएडा वेस्ट आज लाखों लोगों का आवासीय केंद्र बन चुका है, लेकिन आवश्यक नागरिक सुविधाओं के अभाव में लोगों को प्रतिदिन कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ पेयजल, बेहतर परिवहन और सुरक्षित सड़कें प्रत्येक नागरिक का अधिकार हैं तथा इन मांगों पर शीघ्र कार्रवाई से क्षेत्र के समग्र विकास को गति मिलेगी।
जिलाधिकारी गौतम बुद्ध नगर महोदया ने ज्ञापन प्राप्त कर संबंधित विभागों के माध्यम से आवश्यक परीक्षण एवं नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया।
डॉ. शशि यादव ने उम्मीद जताई कि जनहित से जुड़े इन महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशासन गंभीरता से कदम उठाएगा, जिससे ग्रेटर नोएडा वेस्ट के लाखों नागरिकों को राहत मिलेगी।




