नोएडा प्राधिकरण में पथ विक्रेता शिकायत एवं निवारण समिति का विधिसम्मत गठन किया जाए — रेहड़ी पटरी संचालक वेलफेयर एसोसिएशन
नोएडा, गौतम बुद्ध नगर।
रेहड़ी पटरी संचालक वेलफेयर एसोसिएशन (राष्ट्रीय संगठन) के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्याम किशोर गुप्ता ने मुख्य कार्यपालक अधिकारी, नोएडा प्राधिकरण को प्रार्थना-पत्र देकर मांग की है कि पथ विक्रेता (जीविका संरक्षण एवं पथ विक्रय विनियमन) अधिनियम, 2014 के अनुरूप पथ विक्रेता शिकायत एवं निवारण समिति (Grievance Redressal Committee) का विधिसम्मत गठन तत्काल किया जाए।
संगठन का कहना है कि यदि शिकायत एवं निवारण समिति का कार्यकाल समाप्त हो चुका है अथवा उसका अध्यक्ष नियुक्त नहीं है, तो समिति के नाम पर किसी भी प्रकार की कार्यवाही कानून की कसौटी पर परखी जानी चाहिए। इसलिए जब तक समिति का विधिसम्मत गठन नहीं हो जाता, तब तक उसके नाम पर किसी भी कार्रवाई को रोका जाना चाहिए।
संगठन ने मांग की है कि समिति का अध्यक्ष स्वतंत्र एवं निष्पक्ष व्यक्ति हो तथा केवल नोएडा प्राधिकरण के कर्मचारियों तक ही समिति सीमित न रहे। समिति का गठन अधिनियम एवं नियमों के अनुरूप पारदर्शी तरीके से किया जाए।
संगठन ने यह भी कहा कि यदि किसी अधिकारी या कर्मचारी द्वारा नियमों के विपरीत कार्यवाही की जा रही है, तो उसकी निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए।
राष्ट्रीय अध्यक्ष श्याम किशोर गुप्ता ने कहा कि हमारा उद्देश्य किसी व्यक्ति विशेष को लक्ष्य बनाना नहीं है। हमारी मांग केवल इतनी है कि कानून का पालन हो, पारदर्शिता बनी रहे और रेहड़ी-पटरी संचालकों के अधिकारों की रक्षा की जाए।
यदि शीघ्र ही शिकायत एवं निवारण समिति का विधिसम्मत गठन नहीं किया गया और कानून के अनुरूप व्यवस्था लागू नहीं की गई, तो संगठन लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से आगे की रणनीति तय करेगा।




